घाघरा में वज्रपात की चपेट में आकर किसान की मौत

खेत से लौटने के दौरान हुआ हादसा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

:
घाघरा (गुमला), 28 जून,
घाघरा प्रखंड के कुगांव गांव में रविवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय देवराज उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवराज उरांव खेत में धान का बिछड़ा छिटने के लिए गए थे। कार्य समाप्त कर जब वह घर लौट रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना घाघरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने या वज्रपात की आशंका के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर रहें।

Related posts

Leave a Comment