कोटालपोखर, संवाददाता:
थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से थाना प्रभारी पवन कुमार ने कोटालपोखर बाजार क्षेत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों का सुरक्षा ऑडिट किया। इस दौरान गन्नी चौक स्थित ज्वेलरी दुकानों, शांति क्षेत्र के ग्रामीण बैंक, स्टेट बैंक, पाकुड़-बरहरवा मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप सहित अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया कि बैंक, ज्वेलरी दुकान, पेट्रोल पंप एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा उन्हें हमेशा चालू अवस्था में रखा जाए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में आरोपियों की पहचान आसानी से की जा सके।
थाना प्रभारी ने कहा कि बाजार या आसपास किसी भी प्रकार का संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल कोटालपोखर थाना को दें। उन्होंने आम नागरिकों एवं व्यवसायियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और जनसहभागिता से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह के निरीक्षण एवं सुरक्षा ऑडिट आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। इस मौके पर थाना प्रभारी के साथ पुलिस बल के जवान भी उपस्थित रहे।