पाकुड़िया (पाकुड़), संवाददाता:
प्रखंड के पितालगड़िया पीडब्ल्यूडी सड़क से मलिकपुर होते हुए पालियादाहा तक जाने वाली करीब 3.5 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो जाने से आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। विशेषकर बारिश के मौसम में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। विद्यालय जाने वाले बच्चों को कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। वहीं, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने या आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस के आवागमन में भी काफी दिक्कतें होती हैं।
स्थानीय ग्रामीण हनीफ मियां ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से ग्रामीण इस समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क का शीघ्र पक्कीकरण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
सड़क निर्माण की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए। इनमें इमामुद्दीन अंसारी, सलीम अंसारी, सफारुद्दीन मियां, मोहनदास मुर्मू, राहुल अंसारी, जोसेफ हांसदा, विषय हांसदा, विद्यासागर राय, सातोबान राय, इसराफिल मियां, बबलू भंडारी, नकुल राय सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।