रांची:ऑल इंडिया स्मॉल एंड मिडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेश प्रसाद श्रीवास्तव ने झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों के हित, कल्याण, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीवास्तव ने मंत्री को विशेष रूप से छोटे एवं मध्यम श्रेणी के पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके हितों की रक्षा और सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के सजग प्रहरी हैं और उनके कल्याण व सुरक्षा से जुड़े सुझावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
मुलाकात के दौरान पत्रकार सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, बीमा, आवास और पत्रकार कल्याण योजनाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। श्रीवास्तव ने मंत्री के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही पत्रकार हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर दोनों पक्षों ने पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए आपसी सहयोग व समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई।