मेदिनीनगर/पलामू:- मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के जीएलए कॉलेज के समीप शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के ठेकेदार सह व्यवसायी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी को गोली मार दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लंबे समय से चल रहे पारिवारिक भूमि विवाद को लेकर उनके भतीजे पर गोली चलाने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल संजय तिवारी को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंदिर से बाहर निकलते ही किया गया हमला
जानकारी के अनुसार, संजय तिवारी प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए घर से निकले थे। जीएलए कॉलेज के समीप स्थित मंदिर में पूजा करने के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, घात लगाए बैठे एक युवक ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
वर्षों से चल रहा है जमीन विवाद
परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और संयोगवश शनिवार को ही इस मामले में सुनवाई की तारीख निर्धारित थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से इस हमले को अंजाम दिया गया।पुलिस कर रही जांच, आरोपी की तलाश जारीघटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल के परिजनों से पूछताछ की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं चिकित्सकों की निगरानी में संजय तिवारी का उपचार जारी है।