मनिका संवाददाता।
मनिका प्रखंड प्रमुख प्रतिमा देवी ने प्रखंड क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मनिका प्रखंड के कई विद्यालय ऐसे हैं जहां केवल एक शिक्षक के भरोसे कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई कराई जा रही है, जिससे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने बताया कि एक शिक्षक को पढ़ाई के साथ-साथ मध्याह्न भोजन के तहत अंडा-फल की व्यवस्था भी करनी पड़ती है। इसके अलावा शिक्षकों को वर्तमान में एसआईआर (SIR) कार्य में भी लगाया गया है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे हालात में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
प्रखंड प्रमुख ने कहा कि कई स्कूलों में बच्चे पढ़ाई के बजाय समय बिताते हैं और मध्याह्न भोजन करने के बाद घर लौट जाते हैं। यह स्थिति चिंताजनक है, क्योंकि सक्षम परिवारों के बच्चे निजी विद्यालयों में पढ़ रहे हैं, जबकि गरीब परिवारों के बच्चे सरकारी स्कूलों में अपेक्षित शिक्षा से वंचित हो रहे हैं।
प्रतिमा देवी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिन विद्यालयों में एक ही शिक्षक कार्यरत हैं, वहां कम से कम दो शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।