मुंगेर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत जिला युवा पदाधिकारी (माय यूथ इंडिया) द्वारा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं युवा समाजसेवी हरिमोहन सिंह को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कला, संस्कृति, दिव्यांग, महिला एवं सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में उनके योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की उपस्थिति के बीच उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। जिला युवा पदाधिकारी ने कहा कि हरिमोहन सिंह की संस्था के माध्यम से दिव्यांगजन, वृद्धजन, खेल, शिक्षा, कला-साहित्य, भारतीय संस्कृति, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयंसेवक बनकर ऐसे प्रयासों से जुड़ें और देश के विकास में योगदान दें।

हरिमोहन सिंह पिछले करीब 11 वर्षों से निस्वार्थ भाव से विशेषकर महिला एवं दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। वे कई खेल और सामाजिक संगठनों में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, जिनमें बिहार स्टेट बैटल स्पोर्ट्स डांस एसोसिएशन के महासचिव, मुंगेर जिला एसोसिएशन ऑफ पीडब्ल्यूडी के अध्यक्ष, योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव और मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव शामिल हैं।
उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें पहले भी बिहार के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। साथ ही, भारत निर्वाचन आयोग ने उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान मुंगेर जिले का पीडब्ल्यूडी ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया था।
हरिमोहन सिंह वर्तमान में कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संगठनों से जुड़े हुए हैं और विशेष रूप से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके सम्मानित होने पर मुंगेर जिले के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है।
![]()














