बरहरवा संवाददाता।
ई-फार्मेसी और कॉरपोरेट कंपनियों की डीप डिस्काउंट नीति के विरोध में बुधवार को ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी बंदी को साहिबगंज केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन ने पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान साहिबगंज जिले के सभी प्रखंडों में दवा दुकानदारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध जताया।
संगठन के सचिव कृष्णा भगत ने बताया कि इस एकदिवसीय बंदी का मुख्य उद्देश्य ई-फार्मेसी के माध्यम से नकली और नशीली दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर रोक लगाने की मांग करना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से लोगों तक नकली दवाएं पहुंच रही हैं, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य और धन दोनों को नुकसान हो रहा है। संगठन का मानना है कि इस तरह के कारोबार पर रोक लगनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि साहिबगंज जिले में करीब 700 दवा दुकानें बंद रहीं और सभी दवा व्यवसायियों ने आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग किया।
इस मौके पर संयुक्त सचिव महेश अग्रवाल, सुनील महतो, मनीष गुप्ता, तैयब हुसैन, राहुल शुक्ला, दिलीप प्रसाद, बसंत कुमार महतो, सुमन कुमार महतो, पतंजलि भगत, मोहम्मद रकीब, सोनू भगत, मेजावुर रहमान, कौसर आलम सहित जिले के कई दवा व्यवसायी उपस्थित रहे।