सुमित रंजन की रिपोर्ट,
सिल्ली। सिल्ली प्रखंड के लोटा पंचायत अंतर्गत सूरगुंजाडीह गांव में सड़क निर्माण अधूरा रहने से ग्रामीण वर्षों से भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। गांव तक सड़क नहीं पहुंचने के कारण किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को चारपाई पर उठाकर लोटा मेन रोड तक लाना पड़ता है, जिसके बाद वाहन की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्ते और अधूरी सड़क के कारण कई मरीजों की समय पर इलाज न मिलने से मौत तक हो चुकी है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। दलदली रास्तों पर मरीजों को ले जाना मुश्किल हो जाता है, जिससे परिजनों को हर पल डर सताता रहता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्षों पूर्व सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हो सका। ग्रामीणों ने विभाग और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई, परंतु समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है, ताकि गांव तक एंबुलेंस और अन्य वाहनों की पहुंच आसान हो सके और किसी मरीज की जान सिर्फ रास्ता न होने के कारण न जाए।