लातेहार, 6 अगस्त 2025 – केंद्रीय परामर्श श्रम बोर्ड (Central Advisory Contract Labour Board – CACLB) के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बुधवार को डीवीसी तुबेद कोयला खान का दौरा किया। उनके साथ बोर्ड के सदस्य श्री दिलीप कुमार चक्रवर्ती तथा एलईओ गया से श्री मुकेश पॉल सिंह तोमर भी उपस्थित थे।
डीवीसी के वरिष्ठ महाप्रबंधक श्री अरविन्द कुमार ठाकुर ने अतिथियों का पारंपरिक रूप से पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात खनन प्रबंधक श्री शैलेन्द्र कुमार ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से खदान में चल रहे खनन कार्य, श्रमिक हित और सीएसआर गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री पाण्डेय ने खदान का भ्रमण किया तथा श्रमिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन जानकारी ली। उन्होंने खदान में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण, कार्य परिस्थितियों और सुरक्षा मानकों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
उन्होंने डीवीसी द्वारा श्रमिकों के हित में किए जा रहे प्रयासों और सीएसआर कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को श्रमिक कल्याण के प्रति सजग और सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीवीसी के उप महाप्रबंधक (खनन) मिथिलेश कुमार, अलेक्जेंडर कुजूर,दीपक कुमार, एस. दास, मानव संसाधन प्रबंधक रवि प्रकाश तिवारी, सहायक प्रबंधक शशांक शेखर समेत सभी खान प्रबंधक, डीवीसी एवं एमडीओ के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।