बरहरवा : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार साहेबगंज जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के अंतर्गत रविवार, 11 जनवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे साहेबगंज शहर के हृदयस्थल गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सामूहिक उपवास एवं विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्रद्धापूर्ण वातावरण में हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने जिला कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामूहिक उपवास रखकर केंद्र एवं राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्ण लेकिन सशक्त विरोध दर्ज कराया।
यह आंदोलन केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को कमजोर करने, मजदूरों की मजदूरी भुगतान में देरी, कार्य दिवसों में कटौती तथा भुगतान में अनियमितता के विरोध में आयोजित किया गया। कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के लिए रोजगार, सम्मान और आजीविका की गारंटी है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा,
“महात्मा गांधी के सपनों का भारत तभी बनेगा जब देश के अंतिम व्यक्ति तक रोजगार, सम्मान और अधिकार पहुंचेगा। मनरेगा को कमजोर करने का अर्थ है गरीबों की थाली से निवाला छीनना। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। जब तक मजदूरों को उनका हक नहीं मिलेगा, हमारा आंदोलन सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि साहेबगंज जिला कांग्रेस कमिटी जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और किसी भी कीमत पर मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला एवं प्रखंड स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, पंचायत प्रतिनिधि एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि गरीब, मजदूर और ग्रामीण जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने जोशीले नारों के साथ अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।
सामूहिक उपवास में अनुकूल मिश्रा, मुर्शाद अली, मोहम्मद कलीमुद्दीन, बासुकीनाथ यादव, सरफराज आलम, सुनील पासवान, अली कुरैशी, सतीश पासवान, मंगल पासवान, देवेंद्र ठाकुर, परवेज आलम, दिलीप गुप्ता, जमुना दास, नौशाद अंसारी, मो. मोफीज, सबदुल अंसारी, नेहाल अख्तर, सारिक रब्बानी, छोटेलाल रामानी, अजीत कुमार राय, कमरुल हक अंसारी, फरीद आलम, रागिब अंसारी, इकरामुल अंसारी, मोहम्मद मेराजुद्दीन, सादिक रजा, मोहम्मद रहीम, पंकज कुमार, गणेश कुमार, राहुल चौबे, देवराज सिंह, सुभाष कुमार, कज्जाफी बिन मुर्शाद, कौसर आलम, मोहम्मद तौफीक, रामविलास यादव, ज्योतिष कुमार गुप्ता, लोकनाथ घोष, शाहबाज आलम सहित अन्य सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित थे।