रिपोर्ट: निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता: पाकुड़ पुलिस ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 95 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झिकरहाटी गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध महुआ शराब का धंधा चला रहा है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति घर के पीछे जंगल की ओर प्लास्टिक के जार लेकर जा रहा था। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के घर की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के अंदर और पास में खड़े एक ई-रिक्शा से कुल 95 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर ली और घर मालिक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पाकुड़ मुफस्सिल थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
![]()















