नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें 8 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और आसपास की इमारतें व वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, यह ब्लास्ट एक आई20 कार में हुआ, जिसमें तीन लोग सवार थे। हालांकि धमाके की वजह का अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
धमाके के बाद गृह मंत्रालय और जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वे कुछ ही देर में मौके पर पहुंचेंगे और स्थिति की जानकारी लेंगे।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अमित शाह से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली है।
मौके पर एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम जांच में जुट गई है। इसके पहले गृह मंत्री ने आईबी के चीफ से भी बात की थी।
घटनास्थल को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।