कोटालपोखर संवाददाता
साहेबगंज। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमिटी, साहेबगंज के नेतृत्व में शनिवार को एक भव्य विजय मार्च निकाला गया। यह मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर स्टेशन चौक होते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुँचा, जहाँ इसका समापन हुआ।
इस विजय मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा एवं छात्र शामिल हुए। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सभी कांग्रेसजनों ने पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित और अपनी जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों, युवाओं और देशभर में चले लोकतांत्रिक संघर्ष की एक महत्वपूर्ण जीत है। उन्होंने इसे करोड़ों छात्रों की आवाज़ और जनदबाव की सफलता बताया।
उन्होंने आगे कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। पेपर लीक की घटनाओं के कारण जिन छात्रों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि प्रत्येक मृतक छात्र के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई कर परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचारमुक्त बनाया जाए।