कोटालपोखर संवाददाता
पाकुड़। प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में झारखंड समावेशी शिक्षा परियोजना, पाकुड़ के तत्वावधान में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 19 दिव्यांग बच्चों के बीच नि:शुल्क सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रखंड प्रमुख जूही प्रिया ने बच्चों को उपकरण प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ये सहायक सामग्री दिव्यांग बच्चों के लिए पंख लगाने के समान है। इससे उन्हें शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ दैनिक जीवन के कार्यों में भी काफी सहायता मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बनकर अपने जीवन को नई दिशा दे सकेंगे।
शिविर के दौरान एलिम्को, रांची के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बैसाखी, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट, टीएलएम किट एवं कैलिपर जूते का वितरण किया गया। इन उपकरणों से बच्चों को उनकी शारीरिक चुनौतियों से उबरने और शिक्षा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का संचालन रिसोर्स शिक्षक राकेश कुमार पाल ने किया। इस अवसर पर एलिम्को के धनंजय मंडल, ज्ञाननेन्दु कुमार, रवि कुमार, हर्ष कटियार के साथ-साथ रिसोर्स शिक्षक जयंत सरकार, राज कुमार, बाबूचंद मिर्धा, संजय हेम्ब्रम एवं बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।