कथारा (संवाददाता):
बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आरसीएमयू के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं श्रमिक नेता अजय कुमार सिंह को जिला कांग्रेस प्रवक्ता नियुक्त किए जाने पर राजेंद्र प्रसाद सिंह स्मृति मंच की ओर से कथारा में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अजय कुमार सिंह को पुष्पगुच्छ, पुष्पमाला, पगड़ी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश शर्मा ने की, जबकि संचालन मंच के अध्यक्ष विजय यादव ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने अजय कुमार सिंह की नियुक्ति को कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और जनसंपर्क का लाभ पार्टी को मिलेगा।
प्रखंड उपाध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि अजय कुमार सिंह वर्षों से मजदूरों, गरीबों और शोषितों के अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहे हैं। उनकी नियुक्ति से कांग्रेस की आवाज और अधिक मजबूत होगी। मंच अध्यक्ष विजय यादव ने उन्हें जमीनी नेता बताते हुए कहा कि वे बेरमो क्षेत्र की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं। सचिव सुजीत मिश्रा और कोषाध्यक्ष राजू वर्मा ने भी इस नियुक्ति पर खुशी जताते हुए इसे संगठन के लिए नई ऊर्जा का संचार बताया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद अजय कुमार सिंह ने झारखंड एवं बिहार के पूर्व मंत्री तथा श्रमिक नेता स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सभी कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे तथा कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के साथ मजदूर वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस को और अधिक मजबूती से संघर्ष करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
समारोह के अंत में देश और कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में विजय यादव, सुजीत मिश्रा, राजू वर्मा, राजेश शर्मा, सूर्यकांत त्रिपाठी, सुनीता सिंह, उत्तम कुमार, कमलकांत सिंह, देवाशीष आस, चंद्रशेखर प्रसाद, मोहम्मद नसीम, श्याम नंदन मंडल, संतोष सिन्हा, महेश कुमार, संदीप रवानी, मो. सबीर अहमद, बिनोद यादव, अमनदीप सिंह, गणेश महतो, अश्विनी कुमार, दीपक कुमार, बिंदु चंद हेम्ब्रम, रमाकांत सिंह, मनोज सिंह, सुरेश ठाकुर, अर्जुन करमाली, भीकम कुमार, विजय नायक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।