रिपोर्टर: कोटालपोखर संवाददाता
कोटालपोखर/साहिबगंज: साहिबगंज जिला अब सीधे फरक्का व पीरपैंती पावर प्लांट से जुड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लिए बरहड़वा प्रखंड में 220 केवी का नया पावर ग्रिड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना पर करीब 85-90 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसके लिए लगभग 20 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी।
हाल ही में विभागीय अधिकारियों ने जमीन उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त दीपक दूबे से मुलाकात की थी। उपायुक्त ने जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
वर्तमान में जिले में तीन 132 केवी पावर ग्रिड हैं, जिन्हें ललमटिया स्थित 220 केवी ग्रिड से बिजली मिलती है। बरहड़वा में नया ग्रिड बनने के बाद साहिबगंज, बरहेट, मंगलहाट और पाकुड़ के ग्रिड इससे सीधे जुड़ जाएंगे, जिससे ट्रांसमिशन दूरी कम होगी और लाइन लॉस व तकनीकी समस्याओं में कमी आएगी।
यह ग्रिड भविष्य में गोड्डा स्थित Adani Power के पावर प्लांट से भी जुड़ सकेगा। संताल परगना में यह पांचवां 220 केवी ग्रिड होगा, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था और मजबूत होगी।
पाकुड़ में निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय का निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर जोर
पाकुड़: भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रविवार को तोड़ाई स्थित निर्माणाधीन भाजपा जिला कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए गुणवत्ता, सुविधाओं और समय पर कार्य पूरा करने को लेकर संबंधित लोगों से जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जिला कार्यालय संगठन की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होता है, इसलिए इसका निर्माण गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय एवं प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा भी मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।