

गढ़वा, संवाददाता।
गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक बाइक सवार व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बड़गड़ थाना अंतर्गत सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के पास की है, जहां बेखौफ अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच एक अज्ञात व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल (JH 20 F 8585) से बड़गड़ की ओर से भंडरिया की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया और ललमटिया मोड़ के पास जबरन रोककर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और खून से लथपथ घायल को तत्काल इलाज के लिए भंडरिया भेजा गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की बाइक जब्त कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चला रही है।




