राँची, संवाददाता।
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आगामी सावन पर्व को लेकर पहाड़ी मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और मंदिर समिति को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीढ़ी मार्ग, शौचालय निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पेवर ब्लॉक, विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सहित सभी कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सावन माह में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन और पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि पहाड़ी बाबा रांचीवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं और सावन के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन, पर्याप्त शौचालय, रोशनी, पेयजल और बैठने की व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए।
सावन पर्व के दौरान मंदिर परिसर में शीशे की किसी भी पूजन सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे शीशे या धातु की वस्तुओं का उपयोग न करें, वहीं दुकानदारों को भी ऐसी सामग्री नहीं बेचने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस अधीक्षक (शहर), पुलिस अधीक्षक (यातायात), प्रशिक्षु आईएएस, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक समेत कई अधिकारी और मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित थे।