तेनुघाट। गुरुवार सुबह तेनुघाट रजिस्ट्री कार्यालय खुलते ही उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कार्यालय परिसर में कोबरा सांप दिखाई देने की खबर फैली। जानकारी मिलते ही सभी कर्मचारी घबराकर कार्यालय से बाहर निकल गए।
बताया जाता है कि रजिस्ट्री कार्यालय के कर्मचारी पंकज कुमार जब रजिस्ट्रार के कक्ष में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक कोबरा सांप फन फैलाकर फुंफकार रहा है। कार्यालय में टाइल्स लगे होने के कारण सांप तेजी से इधर-उधर नहीं भाग पा रहा था, जिससे स्थिति कुछ नियंत्रित रही।
घटना की सूचना तुरंत सांप पकड़ने वाली टीम को दी गई। कथारा से राजू कुमार यादव को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ लिया और एक जार में बंद कर जंगल में छोड़ दिया।
इस संबंध में राजू कुमार यादव ने बताया कि वे पिछले 7-8 वर्षों से सांप पकड़ने का कार्य कर रहे हैं और अब तक 3 से 4 हजार से अधिक सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह कोबरा अत्यंत विषैला था। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना जानकारी और प्रशिक्षण के सांप पकड़ने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा हो सकता है।
वहीं, अवर निबंधन पदाधिकारी रितु रंजन कुमार ने कार्यालय पहुंचकर राजू कुमार यादव को पुरस्कृत किया और उनका धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सांप को नहीं पकड़ा जाता, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।