पलामू:- पलामू जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान को गति देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर से नशा मुक्त जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न गांवों एवं प्रखंडों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा।मौके पर सिविल सर्जन, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
इस दौरान उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने तथा इसके अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही समाज, विशेषकर किशोर एवं युवा वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा राज्यव्यापी अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
जिला प्रशासन के साथ-साथ गैर सरकारी संस्थानों, जेएसएलपीएस की महिला समूहों, पंचायती राज संस्थाओं एवं शैक्षणिक संस्थानों को भी अपने स्तर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।उपायुक्त ने बताया कि जागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जायेगा।
इसके तहत जिले एवं प्रखंड स्तर पर कार्यशालाएं, बाजार-हाट में नुक्कड़ नाटक, विद्यालयों में क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता, प्रभात फेरी, शपथ ग्रहण कार्यक्रम समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। उन्होंने आमजनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।