लातेहार। लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड स्थित लादू बाबू बैंक्वेट हॉल में रविवार को युवा आजसू पार्टी द्वारा पलामू प्रमंडल स्तरीय युवा सम्मेलन सह सामाजिक मंथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों से सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमित पांडे ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सुदेश महतो (केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री) उपस्थित रहे। इस दौरान अमित लोहरा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड के युवाओं के साथ नियोजन नीति के नाम पर छल किया गया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य की नौकरियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
मुख्य प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि पलामू प्रमंडल खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने DMFT फंड के माध्यम से स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोलने तथा निजी कंपनियों में 75 प्रतिशत रोजगार स्थानीय युवाओं को देने की मांग रखी।
सम्मेलन के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, नशा उन्मूलन और जल-जंगल-जमीन जैसे अहम मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमित पांडे ने दिया।