लातेहार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बुधवार को लातेहार जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ की अध्यक्षता में बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों की तृतीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, प्रविष्टियों में सुधार तथा मतदाता सूची के शत-प्रतिशत सत्यापन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संबंधितों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में बताया गया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों एवं मतदाता सूची से छूटे योग्य नागरिकों से प्रपत्र-6 के माध्यम से दावा प्राप्त किया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
बीएलओ ने बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों से घर-घर सत्यापन अभियान में सहयोग करने, योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने, आवश्यक प्रपत्रों का समयबद्ध निष्पादन कराने तथा मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक एवं सक्रिय मतदाता होते हैं। उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म अनिवार्य रूप से भरने तथा अपने परिवार और आसपास के पात्र नागरिकों को भी फॉर्म भरने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से ही शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची का निर्माण संभव है।
बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधितों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष बल दिया गया।