कोटालपोखर संवाददाता।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड कमेटी की बैठक प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल हांसदा की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान एवं संगठन विस्तार को लेकर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे तथा बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देबीलाल हांसदा उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए-2 से अपील की कि एसआईआर अभियान के दौरान कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं को जागरूक करें तथा दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं के समाधान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और किसी पात्र नागरिक का नाम छूटना उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित होने के समान है।
जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे ने इसे सामाजिक दायित्व बताते हुए प्रत्येक योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष देबीलाल हांसदा ने अभियान को युद्धस्तर पर चलाने की अपील करते हुए कहा कि एक भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए।
बैठक में प्रखंड सचिव मैनुद्दीन अंसारी, उपाध्यक्ष अशोक भगत, छोटू भगत, मैनेजर हेम्ब्रम, नेगार अंसारी, निवारण मरांडी, कालिदास टुडू, विश्वजीत दास, मुसारफ हुसैन, सुभाषनी मुर्मू, बिनोद भगत, परमेश्वर मरांडी, गामालियाल टुडू, तोहिदुल शेख, नेजाम अंसारी, मोईन अंसारी, इकबाल अंसारी, एनोस मुर्मू, मोताहर हुसैन, मुजीबुल शेख, अनिसूर रहमान, अजीमुद्दीन अंसारी, कन्हैया भगत, हफाजुद्दीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।