पाकुड़ संवाददाता।विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत बुधवार को ईआरओ सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता एवं महेशपुर विधानसभा के वरीय पदाधिकारी अमित कुमार ने सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव तथा सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह सीओ संजय कुमार सिंहा के साथ प्रखंड के ग्वालपाड़ा, बड़कियारी, सीलमपुर समेत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान 22 जुलाई से प्रारंभ होने वाली बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक तथा चुनाव पाठशाला की तैयारियों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड के सभी 195 मतदान केंद्रों पर एबसेंट, शिफ्टेड, डेथ एवं डुप्लीकेट (एएसडीडी) मतदाताओं की सूची को अंतिम रूप देकर उपस्थित लोगों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। एईआरओ सह बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने बताया कि 14 जुलाई को एएसडीडी की प्रारूप सूची तैयार की गई थी, जिसे 22 जुलाई को अंतिम रूप दिया गया। उन्होंने बताया कि आगामी 5 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा।
ईआरओ एवं एईआरओ ने चुनाव पाठशाला में उपस्थित बीएलओ एवं बीएलए-2 को निर्देश दिया कि मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार करना चुनाव आयोग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।