नई दिल्ली:
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने लगी है, जिसका सीधा असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से दिल्ली समेत पूरे देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है।
ताजा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की कीमत में ₹3.14 प्रति लीटर का इजाफा हुआ है, जिससे इसकी कीमत करीब ₹97.77 तक पहुंच गई है। वहीं डीजल ₹3.11 महंगा होकर ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। यह साल 2022 के बाद पहली बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं।
नई दरों के अनुसार, नियमित पेट्रोल ₹94.77 से बढ़कर लगभग ₹97.91 प्रति लीटर हो गया है, जबकि प्रीमियम पेट्रोल ₹105 से ₹107 के बीच पहुंच गया है। इसी तरह डीजल ₹87.67 से बढ़कर करीब ₹90.78 प्रति लीटर हो गया है।
दिल्ली पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष निश्चल सिंघानिया के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और रुपये की कमजोरी इस बढ़ोतरी के प्रमुख कारण हैं। तेल कंपनियों ने इस फैसले की सूचना पेट्रोल पंप संचालकों को ईमेल के जरिए आधी रात में ही दे दी थी।
इस मूल्यवृद्धि का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के लोगों पर पड़ेगा। खासकर रोजाना यात्रा करने वाले, ट्रांसपोर्टर और छोटे व्यापारी इससे अधिक प्रभावित होंगे। बढ़ती ईंधन कीमतों से महंगाई और बढ़ने की आशंका है, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त दबाव पड़ना तय है।
source Jagran,