तेनुघाट (बोकारो) | 14 मई 2026:
बेरमो अनुमंडल पुलिस ने चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो घटनाओं का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि 10 मई की रात स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा के सामने हाउस नंबर 492 में जीतेन्द्र कुमार चौधरी के घर गृहभेदन कर गहने, मोबाइल और करीब 8-10 हजार रुपये नकद की चोरी की गई थी। इस संबंध में चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 54/2026 दर्ज किया गया। इससे पूर्व चर्च रोड स्थित एक अन्य घर में भी चोरी की घटना (कांड संख्या 53/2026) सामने आई थी।
दोनों मामलों के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों—गोलू कुमार, विवेक रविदास उर्फ राहुल रविदास और रोहन कुमार—को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी के सोने-चांदी के गहनों को पेटरवार निवासी गणेश कुमार स्वर्णकार को बेचा गया था। पुलिस ने छापेमारी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया और चोरी के जेवर बरामद कर लिए।
बरामद सामान:
- 420 ग्राम चांदी (पायल, बिछिया, चेन आदि)
- 10 ग्राम सोना (गलाया हुआ)
- ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन (पीड़ित का)
- चार अन्य मोबाइल फोन
गिरफ्तार आरोपी:
- गोलू कुमार (बिरसा बस्ती, चंद्रपुरा)
- विवेक रविदास उर्फ राहुल रविदास (प्रेम नगर पहाड़ी, चंद्रपुरा)
- रोहन कुमार (प्रेम नगर पहाड़ी, चंद्रपुरा)
- गणेश कुमार स्वर्णकार उर्फ विजय (लुकेया, पेटरवार)
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गोलू कुमार का पूर्व में आठ आपराधिक मामलों में संलिप्तता का इतिहास रहा है।
इस कार्रवाई में चंद्रपुरा, दुग्धा और बोकारो झरिया थाना की पुलिस टीम सहित सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।