पाकुड़ | संवाददाता:
लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा-कुंजबोना मुख्य सड़क स्थित लब्दाघाटी में गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार टैंपो (संख्या JH 04 T 5357) मोहनपुर साप्ताहिक हाट से यात्रियों को लेकर लिट्टीपाड़ा की ओर आ रहा था। इसी दौरान लब्दाघाटी की पहाड़ी ढलान पर टैंपो असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया।
इस हादसे में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालिपाड़ा गांव निवासी चारलेस मरांडी (55 वर्ष) और उनकी पत्नी साबित हांसदा (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसआई अनिल पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस से पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त टैंपो को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।