तेनुघाट। मई माह में लगातार हो रही बारिश के कारण तेनुघाट डैम के दो रेडियल गेट खोल दिए गए हैं। वर्तमान में लगभग चार हजार क्यूसेक पानी का बहाव जारी है।
बांध प्रमंडल के सहायक अभियंता मंगल देव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डैम में पानी की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। एहतियातन तौर पर गेट खोले गए हैं ताकि जलस्तर सुरक्षित सीमा में बना रहे।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में डैम में 852 फीट तक पानी का भंडारण किया गया है, जबकि सामान्य रूप से भी 852 फीट तक ही पानी स्टोर कर के रखा जाता है। डैम की कुल क्षमता जमीन स्तर से 882 फीट तक पानी संग्रह करने की है, लेकिन भूमि अधिग्रहण नहीं होने के कारण इस स्तर तक पानी को रोका नहीं जा सकता।
अधिक जलस्तर होने की स्थिति में नदी के किनारे बसे कई गांवों और खेत-खलिहानों के प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाता है, इसी को देखते हुए समय रहते गेट खोलकर पानी निकासी की जा रही है।