लातेहार:- राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू हुआ। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के साथ ग्रामीण भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत लातेहार सदर प्रखंड से की गई। इस अभियान के तहत राज्य सरकार द्वारा प्रदत्त मोबाइल मेडिकल वाहन को रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा गांव-टोले में पहुंचकर टीबी उन्मूलन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैला रहा है।
दो दिवसीय मोबाइल मेडिकल भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ शोभना टोप्पो ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अपील की कि टीबी से ग्रसित लोगों के प्रति भेदभाव न रखें—यह छुआछूत की बीमारी नहीं है। समाज के हर व्यक्ति का दायित्व है कि मरीजों को सम्मान और सहयोग दें ताकि वे स्वस्थ जीवन जी सकें।
जिला कार्यक्रम समन्वयक मदन लाल गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी और सहिया घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेंगे, सैंपल लेकर जांच करेंगे और पॉजिटिव पाए जाने पर निःशुल्क इलाज व नियमित फॉलो-अप सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को 14 दिनों से अधिक खांसी, बुखार या वजन में कमी हो रही हो तो तुरंत जांच कराएं। जांच और इलाज पूरी तरह निःशुल्क है, साथ ही मरीजों को विभाग की ओर से ₹1000 की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
अभियान के क्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता को लेकर अच्छा उत्साह देखा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह में 70 लोगों की एक्स-रे के माध्यम से टीबी स्क्रीनिंग की गई।