बरहड़वा। बरहड़वा–फरक्का मुख्य मार्ग पर स्थित बरारी घोष पाड़ा के निकट बुधवार को उड़ते फ्लाई ऐश के धूलकण से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पानी छिड़काव की व्यवस्था की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि फ्लाई ऐश से लदे वाहनों के गुजरने पर इतनी धूल उड़ती है कि घरों के अंदर तक भर जाती है। धूलकण के कारण कपड़े, बर्तन, खाने-पीने का सामान तक गंदा हो जाता है। ग्रामीण कई बार ट्रक चालकों और संबंधित लोगों को पानी छिड़काव की बात कह चुके थे, परंतु कोई कार्रवाई न होने पर वे मजबूरन सड़क पर उतर गए। उन्होंने स्पष्ट कहा—“जब तक पानी छिड़काव नहीं होगा, सड़क जाम रहेगा।”
जाम की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता एवं बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार दास, बरहड़वा थाना के एएसआई राजनाथ साह, रंजीत यादव, अनिल कुमार, धर्मेंद्र, जालंधर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से बात की। पुलिस ने आश्वासन दिया कि सुबह–शाम दो बार सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाएगा, ताकि उड़ते धूलकण से राहत मिल सके।
आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया। इस दौरान मुख्य मार्ग लगभग आधे घंटे तक जाम रहा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।