सतबरवा से दिनेश यादव की रिपोर्ट,
पलामू: सतबरवा प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष कुमार सिन्हा ने झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren को पत्र लिखकर ध्यान आकृष्ट कराया है। यह पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया है, जिसमें प्रखंड क्षेत्र की गंभीर समस्याओं का उल्लेख किया गया है।
पत्र में बताया गया है कि सतबरवा प्रखंड में पिछले कई दिनों से अंचल अधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी के नियमित रूप से नहीं बैठने के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छात्रों को जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र एवं स्थानीय निवास प्रमाण पत्र बनवाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
इसके अलावा, क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था भी चरमराई हुई है। नल-जल योजना में ठेकेदारों की लापरवाही और अनियमितता के कारण ग्रामीणों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
आशीष कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रखंड में जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई, तो क्षेत्र में जन आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता त्राहिमाम की स्थिति में है।