बालूमाथ प्रखंड स्थित सीसीएल संचालित तेतरियाखांड कोलियरी में हाईवा परिचालन को लेकर बढ़ते विवाद के बीच जिला परिषद उपाध्यक्ष लातेहार अनीता देवी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने पूरे मामले में तत्काल प्रशासनिक हस्तक्षेप एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अनीता देवी ने कहा कि पीएनएमएल कंपनी द्वारा हाईवा के माध्यम से कोयला ढुलाई शुरू करने का प्रयास पूर्व में हुई सहमति का खुला उल्लंघन है। यह कदम स्थानीय लोगों के रोजगार और अधिकारों पर सीधा प्रहार है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा दबाव और प्रलोभन के जरिए माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव और टकराव की स्थिति बनती जा रही है।
कोलियरी में कोयला ढुलाई एवं स्टॉक प्रबंधन को लेकर सामने आए आरोपों पर चिंता जताते हुए अनीता देवी ने कहा कि कोयले के स्टॉक में हेरफेर, अच्छे कोयले की बाहर निकासी और खराब कोयले को स्थानीय स्तर पर खपाने जैसी शिकायतें अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने इन सभी बिंदुओं पर उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि कोलियरी के स्टॉक और संचालन की पारदर्शी जांच कराई जाए, तो पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
अनीता देवी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूर्व सहमति का पालन सुनिश्चित कराया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्र की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।
अनीता देवी के इस हस्तक्षेप के बाद अब यह मामला प्रशासनिक स्तर पर गंभीरता से लिया जा रहा है।