कोटालपोखर संवाददाता। अमित कुमार सिंह ने सोमवार देर शाम कोटालपोखर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों की स्थिति तथा प्रशासनिक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
एसपी ने थाने में संधारित सभी पंजियों एवं अभिलेखों की गहन जांच की और जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र दूर करने का निर्देश थाना प्रभारी को दिया। उन्होंने कहा कि थाना केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने का केंद्र नहीं, बल्कि आम जनता के विश्वास का भी प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक कार्य पारदर्शिता, समयबद्धता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि जो पुलिस पदाधिकारी एवं जवान बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें विभाग की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही या रिकॉर्ड संधारण में किसी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ काम करते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संदेश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़हरवा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजमहल, बड़हरवा प्रभाग के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।