लातेहार: उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर मंगलवार को समाहरणालय में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी ने की। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए।
सुनवाई के दौरान राहत अनुदान की स्वीकृति, मानदेय भुगतान, आगजनी की घटनाओं में हुए नुकसान के लिए सहायता, मुआवजा भुगतान तथा जमीन विवाद से संबंधित कई मामले सामने आए। इसके अलावा कुछ आवेदकों ने अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान की भी मांग की।
अपर समाहर्ता ने सभी आवेदकों की शिकायतें एक-एक कर गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक आवेदन की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो मामले नियमों के अनुरूप होंगे, उनका जल्द समाधान किया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए साप्ताहिक जन शिकायत निवारण कार्यक्रम का लाभ उठाएं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जा सके।