कोटालपोखर/बरहरवा:
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कोटालपोखर बाजार में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। रथ यात्रा की शुरुआत शांति मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई।
इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमाओं को रथ पर विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रथ यात्रा शांति मोड़ से प्रारंभ होकर पूरे कोटालपोखर बाजार का भ्रमण करते हुए हाटपाड़ा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ खींचने के लिए उमड़ पड़े। पूरे मार्ग में भगवान जगन्नाथ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, वहीं भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने रथ का स्वागत करते हुए आरती उतारी और पुष्पवर्षा की।
महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया। राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचने के बाद विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया।
आयोजन समिति के अनुसार, यह रथ यात्रा हर वर्ष पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित की जाती है, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और आपसी सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।