पाकुड़:
नगर थाना क्षेत्र में 16 जुलाई को आयोजित रथ मेला के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल, पर्स, रुपये और चेन चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से 6 मोबाइल फोन और 7,390 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रथ मेला के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिसके संबंध में नगर थाना में छह अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसआईटी टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहन सिंह और रेखा देवी, दोनों निवासी शिवड़ी, थाना पांडेश्वर, जिला बर्धमान (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता सहित एसआईटी के अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।