पलामू: पलामू जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव विवेका त्रिपाठी ने किसानों के हित में टूटी हुई नहर की तत्काल मरम्मत की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई।
दरअसल, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमिटी के विशेष आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रभारी राजू जी तथा पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी के पलामू आगमन पर सदर प्रखंड क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान विवेका त्रिपाठी ने किसानों के साथ मिलकर मलय डैम से निकलने वाली क्षतिग्रस्त नहर के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने बताया कि यह नहर सतबरवा, सदर और लेस्लीगंज प्रखंड क्षेत्र के किसानों के लिए जीवनरेखा मानी जाती है। यदि इसकी जल्द मरम्मत नहीं की गई, तो करीब पांच हजार एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित होगी, जिससे पूरा क्षेत्र अकाल जैसी स्थिति का सामना कर सकता है।
इस पर प्रदेश प्रभारी राजू जी ने मीडिया के सामने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास करेंगे, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ वरीय कांग्रेसी नेता नवल किशोर सिंह, कामाख्या सिंह, पंकज सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र तिवारी, अनूप तिवारी, प्रवीण तिवारी, दिनेश पासवान, आलमगीर खान, मृत्युंजय तिवारी, विष्णु तिवारी, अमित तिवारी, राजेंद्र चौधरी, मुन्ना सिंह और महताब अंसारी सहित कई लोग उपस्थित रहे।