प्रेम कुमार साहू की रिपोर्ट,
घाघरा प्रखंड में पदस्थापित पंचायत सचिव कलेश्वर साहू की शनिवार सुबह सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद घाघरा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार लोगा ग्राम निवासी कलेश्वर साहू अपने पुत्र की बारात लेकर सिसई प्रखंड के कुम्हारिया गांव गए हुए थे।
शनिवार की सुबह बारात से वापस अपने घर लौटने के दौरान वे स्वयं वाहन चला रहे थे। बताया जा रहा है कि पालकोट से पहले उन्हें नींद आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पंचायत सचिव कलेश्वर साहू की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरकारी कर्मियों एवं शुभचिंतकों का सदर अस्पताल गुमला पहुंचना शुरू हो गया। वहीं घाघरा प्रखंड के अंचल अधिकारी खाखा सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर गहरा दुख व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। कलेश्वर साहू के निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।