मानसिक रूप से अस्वस्थ असहाय व्यक्ति के उपचार व पुनर्वास की मांग
मनिका (लातेहार)। मनिका प्रखंड क्षेत्र में पिछले लगभग एक वर्ष से रह रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं असहाय व्यक्ति के उपचार तथा पुनर्वास की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रखंड प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है।
जानकारी के अनुसार मनिका स्थित एयरटेल टावर के समीप नाली किनारे उक्त व्यक्ति लंबे समय से रह रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं प्रतीत होती है। वह दिनभर इधर-उधर भटकता रहता है तथा आसपास फैला कचरा बिखेर देता है। लोगों के अनुसार वह शारीरिक रूप से भी काफी कमजोर और अस्वस्थ दिखाई देता है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि व्यक्ति अत्यंत दयनीय परिस्थितियों में जीवन-यापन कर रहा है, जिससे उसकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय गरिमा प्रभावित हो रही है। इस स्थिति को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनिका को आवेदन देकर उक्त व्यक्ति की पहचान कराने, चिकित्सीय जांच एवं उपचार की व्यवस्था करने तथा उसके परिजनों का पता लगाकर सुरक्षित रूप से घर पहुंचाने अथवा उचित पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि प्रशासन की मानवीय पहल से एक असहाय व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। इस दौरान मौके पर गौरी शंकर, कुमार गुप्ता, चंदन पाठक, नागेन्द्र सिंह, कृष्णा प्रसाद, संजय कुमार एवं दिलशाद अंसारी सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे.