लातेहार, 26 जुलाई 2026
चंदवा प्रखंड के दामोदर गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे के बाद रविवार को पंचायत समिति सदस्य अयुब खान ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर है।
बताया गया कि 22 जुलाई बुधवार की शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसे में घर की मालकिन राखी देवी (पति प्रमोद गिरी), प्रमोद गिरी तथा चालक अरविंद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल अवस्था में चालक की पत्नी खुशबू देवी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके बाद 24 जुलाई को ललिता देवी की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या चार हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक ही समय में पति-पत्नी की अर्थियां उठने से माहौल और भी गमगीन हो गया। इस हादसे से तीन परिवार पूरी तरह से टूट गए हैं। वहीं, घायल सरिता देवी गंभीर चोटों के बावजूद पारिवारिक रीति-रिवाज निभाने में जुटी हैं।
अयुब खान ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बावजूद अब तक किसी भी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी ने पीड़ित परिवारों की सुध नहीं ली है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि मृतकों में कुछ लोग भाजपा चंदवा पश्चिमी के प्रखंड अध्यक्ष रिकी वर्मा के रिश्तेदार भी हैं, फिर भी उपेक्षा चिंताजनक है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनास्थल पर सड़क की स्थिति खराब है और मोड़ (टर्निंग) के कारण अक्सर वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं।
अयुब खान ने उपायुक्त संदीप कुमार से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए, घायलों का समुचित इलाज कराया जाए, प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए तथा क्षतिग्रस्त घरों के पुनर्निर्माण की व्यवस्था की जाए। साथ ही, दुर्घटनास्थल पर बैरिकेडिंग और गति सीमा नियंत्रण के उपाय भी जल्द लागू किए जाएं।