NewsAppraisal
राँची: राँची रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठगने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन “रक्षक” के तहत कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी टीटीई और रेलवे अधिकारी बनकर यात्रियों से ठगी कर रहे थे।
आरपीएफ के अनुसार, आरोपियों के पास से ठगी की नकद राशि, सात मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है। इनमें से दो मोबाइल फोन चोरी के होने की आशंका जताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी राँची को सौंप दिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे गिरोह बनाकर रेलवे अधिकारी और टीटीई का रूप धारण करते थे। वे यात्रियों को कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठते थे। इस तरह वे लंबे समय से यात्रियों को अपना शिकार बना रहे थे।
जीआरपी ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(2), 318(4) एवं 3(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में आईपीएफ शिशुपाल कुमार, एसआई बसंत मलिक, एसआई पवन कुमार, एसआई कमल दास, एएसआई शक्ति सिंह समेत आरपीएफ के जवान मुन्तज़िर अंसारी, अफरोज आलम और राजू गुरूंग की अहम भूमिका रही।