बेरमो (बोकारो): बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय में गुरुवार को एक अहम प्रशासनिक बदलाव के तहत रविंद्र कुमार सिंह ने नए एसडीपीओ के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पूर्व एसडीपीओ बीएन सिंह (वशिष्ठ नारायण सिंह) से विधिवत जिम्मेदारी संभाली।
पदभार ग्रहण से पहले दोनों अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर औपचारिक रूप से कार्यभार हस्तांतरण किया गया। यह कार्यक्रम सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
नवनियुक्त एसडीपीओ रविंद्र कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना और क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा।रविंद्र कुमार सिंह वर्ष 1994 बैच के अनुभवी पुलिस पदाधिकारी हैं। वे झारखंड के कई जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। बोकारो जिले में भी वे माराफारी, बोकारो थर्मल और बेरमो थाना में इंस्पेक्टर के पद पर कार्य कर चुके हैं, जिससे उन्हें क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों की अच्छी समझ है।पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जरीडीह सर्किल इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार सिंह, गोमिया सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो, महुवाटांड थाना प्रभारी कृष्ण कुमार कुशवाहा सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।