तेनुघाट — शनिवार, 16 मई को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बेरमो द्वारा तेनुघाट स्थित कार्यालय कक्ष में पूर्व में नक्सल प्रभावित थाना प्रभारियों के साथ लंबित नक्सल कांडों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी लंबित मामलों के अनुसंधान को तेजी से पूरा करने तथा दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान यह निर्देश दिया गया कि जेल में बंद दुर्दांत नक्सलियों के विरुद्ध मजबूत साक्ष्य संकलित कर अभियोजन पक्ष के माध्यम से न्यायालय में समय पर आरोप पत्र प्रस्तुत किया जाए, ताकि मामलों में दोषसिद्धि सुनिश्चित हो सके।
इसके साथ ही नक्सली हिंसा में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को देय मुआवजा के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
बैठक में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए झारखंड सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाले सभी लाभों और मुआवजे का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पुनर्वास से जुड़े सभी मामलों का त्वरित निराकरण किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस निरीक्षक गोमिया जितेन्द्र कुमार, थाना प्रभारी जागेश्वर बिहार, थाना प्रभारी चतरोचट्टी, थाना प्रभारी ललपनिया एवं थाना प्रभारी पेंक-नारायणपुर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।