घाघरा थाना क्षेत्र के मसरिया मोड़ स्थित कस्तूरबा विद्यालय के समीप गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान दोदांग ग्राम निवासी रोहित उरांव के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक सोनू उरांव बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव दोदांग से घाघरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कस्तूरबा विद्यालय के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने रोहित उरांव को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू उरांव का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है।