लातेहार, 1 मई (शुक्रवार): भारत की जनगणना 2027 के तहत लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र में प्रथम चरण के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग एवं स्वगणना का कार्य शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत 1 मई से 15 मई तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जिसमें नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर आंकड़ों का संकलन किया जा रहा है।
इस क्रम में नगर पंचायत लातेहार के अध्यक्ष एवं विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षदों ने स्वयं अपने-अपने घरों का स्वगणना कर इस अभियान की शुरुआत की। जनप्रतिनिधियों की इस पहल से आम नागरिकों में भी जागरूकता बढ़ रही है और लोग स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हाउस लिस्टिंग के तहत प्रत्येक परिवार की मूलभूत जानकारी जैसे परिवार के सदस्यों की संख्या, आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं आदि का विवरण दर्ज किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न की जा रही है।
नगर पंचायत प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके। जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वगणना अभियान के सफल संचालन को लेकर नगर पंचायत के कर्मी एवं अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस पहल को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और नागरिकों में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।