बरहरवा। जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने उधवा क्षेत्र के फोरलेन मुख्य मार्ग पर, राधानगर थाना के सामने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दोपहिया, टोटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजातों की जांच की गई।
जांच के दौरान बिना हेलमेट के वाहन चला रहे बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए। अभियान में कुल 60 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी जान के लिए खतरा बन सकती है। साथ ही सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन करने को कहा गया।
इस मौके पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, रोड इंजीनियर अनुज परासर, आईटी सहायक राज हंस, राधानगर थाना के एएसआई कान्हू मुर्मू, सुशील मरांडी, श्रीलाल हांसदा सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।