बरहरवा। उधवा प्रखंड के बीडीओ सह अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी ने उत्तर पलाशगाछी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उपस्थिति की स्थिति का जायजा लिया।
बीडीओ श्री तिवारी ने शिक्षकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और बच्चों की उपस्थिति पंजी का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए शिक्षकों को इस दिशा में सक्रिय पहल करने का निर्देश दिया।
उन्होंने “स्कूल रुआर कार्यक्रम” के तहत 5 वर्ष से अधिक आयु के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए आसपास के गांवों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना को नियमित और सुचारू रूप से संचालित करने तथा विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रधानाध्यापक जितेन्द्र नारायण राम, प्रखंड समन्वयक (आवास) संदीप कुमार गुप्ता, पंचायत सचिव संतोष कुमार सुमन, मुखिया प्रतिनिधि सिटू शेख सहित अन्य लोग उपस्थित थे।