लातेहार।सांसद प्रतिनिधि (मनरेगा) पिंटू कुमार रजक ने बुधवार को उपायुक्त को आवेदन सौंपकर शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 (RTE) के तहत सत्र 2026–27 में गरीब, बीपीएल तथा दिव्यांगजन के बच्चों के नामांकन में हो रही अनियमितताओं पर गंभीर चिंता जताई।
अपने आवेदन में उन्होंने कहा कि जिले के कई निजी विद्यालय शिक्षा का अधिकार अधिनियम का समुचित पालन नहीं कर रहे हैं। जबकि RTE के तहत 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटें गरीब एवं वंचित वर्ग के लिए आरक्षित होती हैं। इसके बावजूद इन प्रावधानों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है।
उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए सत्र 2026–27 के लिए जिले के सभी निजी विद्यालयों में RTE के अंतर्गत निर्धारित 25 प्रतिशत आरक्षण का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा पात्र बच्चों का नामांकन हर हाल में किया जाए।