(Rajesh Kumar)
लातेहार। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समर्थित प्रत्याशी मिलयानी कुजूर के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन चैकनाका श्री राम नगर चौक के समीप विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन समारोह में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजद उपाध्यक्ष भोला सिंह, प्रदेश सचिव रंजीत यादव, मोहर सिंह यादव, प्रदेश महासचिव सूरज देव यादव, राजद कोषाध्यक्ष सुरेश राम समेत अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर प्रत्याशी के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
सभा को संबोधित करते हुए राजद उपाध्यक्ष भोला सिंह ने कहा कि इस बार नगर निकाय चुनाव में पार्टी बंपर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बताया कि राजद समर्थित प्रत्याशी मिलयानी कुजूर का चुनाव चिन्ह “बिस्किट” है, जो आम लोगों से जुड़ा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिस्किट हर घर तक पहुंचता है, उसी प्रकार विकास योजनाओं को भी घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता बताते हुए होल्डिंग टैक्स में कमी, गरीबों पर लगने वाले जुर्माने में राहत, महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजन, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा गली-मोहल्लों में खराब जलमीनारों की मरम्मत कराने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर माले नेता गोपाल प्रसाद ने भी राजद प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को देखते हुए अब वे मिलयानी कुजूर के पक्ष में खड़े हैं।
राजद कोषाध्यक्ष सुरेश राम ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी कार्यकर्ता हर समय तत्पर रहेंगे। वहीं मिलयानी कुजूर ने सभी समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों से शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए समर्थन देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता का आशीर्वाद मिला तो नगर को स्वच्छ, प्रगतिशील और समावेशी दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा।